चिरायु टीम ने लगाया प्राथमिक शाला बड़े बेंदरी में विशेष स्वास्थ्य शिविर, कब–बुलबुल टीम मुरारीपारा ने किया सम्मान

कोंडागांव, 19 फरवरी 2026 | राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय चिरायु टीम द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला मुरारीपारा, बड़ेबेंदरी में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर चिरायु टीम के प्रभारी डॉ. आशीष मसीह के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें कब–बुलबुल टीम मुरारीपारा के सहयोग से कुल 51 छात्र-छात्राओं का सघन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

Uploaded Image

स्वास्थ्य परीक्षण में बच्चों की रक्तचाप, त्वचा, आंख, कान, नाक, दंत, मुख परीक्षण, हृदय परीक्षण, मस्तिष्क व स्नायु तंत्र, रीढ़ की हड्डी, सिर की गोलाई, वजन एवं ऊंचाई की जांच की गई। जांच के दौरान 3 बालक एवं 2 बालिकाएं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से ग्रसित पाई गईं, जिनका मौके पर उपचार कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया।

Uploaded Image

इस शिविर में चिरायु टीम के सदस्य —

डॉ. आशीष मसीह (एम.बी.बी.एस.), डॉ. नीलम नेताम (एम.बी.बी.एस.), श्रीमती सुनीता नायक (फार्मासिस्ट), श्रीमती साधना नेताम (ए.एन.एम.), श्रीमती लता कोर्राम (ए.एन.एम.) एवं वाहन चालक राजीव नेताम शामिल रहे।

 

कब–बुलबुल टीम द्वारा सम्मान समारोह

 

चिरायु टीम के विशेष सेवा कार्य से प्रभावित होकर, भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ कोंडागांव से संबद्ध शासकीय प्राथमिक शाला मुरारीपारा बड़ेबेंदरी की कब–बुलबुल टीम द्वारा चिरायु टीम के छह सदस्यीय दल का सम्मान किया गया।

इस अवसर पर एडवांस मास्टर एवं प्रधानाध्यापक पवन कुमार साहू, शिक्षिका श्रीमती संतोषी पटेल एवं श्रीमती इशिता भंडारी के नेतृत्व में टीम को स्मृति चिन्ह, शाल, श्रीफल, गुलदस्ता एवं लेखनी भेंट कर सम्मानित किया गया।

Uploaded Image

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक पवन कुमार साहू ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और समय पर बीमारी की पहचान संभव होती है। वहीं, डॉ. आशीष मसीह ने कब–बुलबुल टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम समाज और राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य कर रही है, जो अत्यंत प्रशंसनीय है।

Related Post