बजट से छत्तीसगढ़ बनेगा समृद्ध एवं खुशहाल — शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर विशेष फोकस:-अशोक मरकाम 

 

राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी मंडल छुरिया के महामंत्री अशोक मरकाम ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को प्रदेश के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य, जिला अथवा गांव की प्रगति का वास्तविक मापदंड शिक्षा एवं स्वास्थ्य की सुदृढ़ व्यवस्था होती है, और इसी कसौटी पर खरा उतरते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट में जनकल्याण की व्यापक सोच स्पष्ट दिखाई देती है।अशोक मरकाम ने कहा कि बजट में एक ओर स्वास्थ्य एवं शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की नई संभावनाओं को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का समावेश किया गया है, वहीं दूसरी ओर संकल्प थीम पर आधारित इस बजट में संतुलित क्षेत्रीय विकास, सामाजिक-आर्थिक समावेशन, आधारभूत संरचना विस्तार, निवेश आकर्षित करने हेतु सशक्त इकोसिस्टम निर्माण तथा कुशल मानव संसाधन विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।उन्होंने आगे कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की भावना से अंत्योदय को प्राथमिकता देते हुए आजीविका के अवसरों का विस्तार, नीति निर्धारण में परिणाम आधारित दृष्टिकोण तथा ग्रामीण-शहरी समन्वित विकास को भी प्रमुख स्थान दिया गया है। यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर, समृद्ध और खुशहाल बनाने की ठोस कार्ययोजना है, जिससे प्रदेश के सभी वर्गों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

Related Post