पीथमपुर में बिना अनुमति चल रहा चौधरी पॉली क्लीनिक: स्वास्थ्य विभाग ने संचालक को जारी किया नोटिस, अब कार्रवाई का इंतजार
पीथमपुर (धार), पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में चौधरी पॉली क्लीनिक एंड सेंटर बिना किसी वैध अनुमति के संचालित हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस अवैध संचालन पर सख्त रुख अपनाते हुए क्लीनिक संचालक को नोटिस थमा दिया है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक इस अवैध क्लीनिक के खिलाफ ठोस कार्रवाई करते हैं।जानकार सूत्रों के अनुसार, पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया के यूनिवर्सल चौराहे पर स्थित यह पॉली क्लीनिक लंबे समय से बिना आवश्यक लाइसेंस और मेडिकल काउंसिल की अनुमति के मरीजों का इलाज कर रहा था। स्थानीय लोगों और कुछ शिकायतकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग के पास इसकी शिकायत की थी, जिसके बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय ने मामले की जांच कराई। जांच में पाया गया कि क्लीनिक संचालन के लिए जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं हैं।सीएमएचओ कार्यालय ने चौधरी पॉली क्लीनिक को नोटिस जारी कर स्पष्ट कारण बताने और अनुमति संबंधी दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में कहा गया है कि यदि अनुमति नहीं है तो क्लीनिक तत्काल बंद किया जाए, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में हजारों मजदूर और उनके परिवार रहते हैं। ऐसे में बिना अनुमति और संभवतः अपर्याप्त सुविधाओं वाले क्लीनिक से मरीजों के स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है। स्थानीय निवासियों ने कहा, “यहां इलाज के नाम पर जोखिम उठाया जा रहा है। विभाग को तुरंत क्लीनिक सील कर देना चाहिए, ताकि आम लोगों की जान-माल का नुकसान न हो।”स्वास्थ्य विभाग के मुख्य अधिकारी ने “नोटिस जारी कर दिया गया है। अब क्लीनिक संचालक को जवाब देना है। जानकारी के अनुसार चौधरी पॉली क्लीनिक में डॉ श्रवण चौधरी मरीजों का इलाज करते है । यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो क्लीनिक बंद करने के साथ जुर्माना और नियमानुसार अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ”यह मामला पीथमपुर जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी पर सवाल उठाता है। जिम्मेदार अधिकारियों से अब जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है, ताकि अवैध क्लीनिकों का चलन रोका जा सके और मरीजों को सुरक्षित इलाज मिल सके।
