रायगढ़/ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोइरदादर इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अनैतिक देह व्यापार के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने पीटा एक्ट के तहत एक मकान मालिक और बाहर से आई एक महिला को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को चक्रधरनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोइरदादर चर्च के पास स्थित एक मकान में मकान मालिक द्वारा बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल इसकी जांच शुरू की।
ग्राहक बनाकर भेजा गया पुलिस प्वाइंटर
सीएसपी मयंक मिश्रा के निर्देशन में पुलिस ने योजना बनाकर एक पुलिस प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर उक्त मकान में भेजा। तय संकेत मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस, साइबर थाना एवं महिला थाना की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापामारी की।
मकान से आरोपी व महिला पकड़े गए
छापामारी के दौरान मकान के भीतर आरोपी नारायण वैष्णव एवं एक संदिग्ध महिला मौजूद मिले। पूछताछ और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी अपने मकान में पैसों का लालच देकर महिलाओं को बुलाता था और उनसे अनैतिक देह व्यापार करवाता था। आरोपी स्वयं इस पूरे अवैध धंधे की दलाली और संचालन करता था।
नकदी, मोबाइल व आपत्तिजनक सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपी नारायण वैष्णव पिता भुवनेश्वर वैष्णव (55 वर्ष), निवासी बोइरदादर चर्च के पास, एवं महिला को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से ₹2,000 नकद, 02 मोबाइल फोन तथा आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।
पीटा एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार के अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
