कोरबा के वनांचल क्षेत्र तौलीपाली में प्रस्तावित कोल ब्लॉक नीलामी के विरोध में सोमवार को हजारों ग्रामीण सड़क पर उतर आए। उरगा–हाटी मार्ग पर चचिया चौक में हुए चक्का जाम से घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। ग्रामीणों ने ग्राम सभा की अनुमति के बिना जमीन नहीं देने का ऐलान करते हुए प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र तौलीपाली में प्रस्तावित कोल ब्लॉक नीलामी के विरोध में सोमवार को बड़ा जनआंदोलन देखने को मिला। सुबह से ही हजारों ग्रामीण चचिया चौक पर एकत्रित हो गए और उरगा–हाटी मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि ग्राम सभा की अनुमति के बिना एक इंच जमीन भी नहीं दी जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि कोल ब्लॉक नीलामी से उनकी जमीन, जंगल और जल स्रोतों पर खतरा मंडरा रहा है और यह उनके अस्तित्व का सवाल है।
घंटों तक चले चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपर कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच लंबी बातचीत के बाद अधिकारियों ने लिखित आश्वासन दिया कि बिना ग्राम सभा प्रस्ताव के किसी भी प्रकार का खनन या विस्थापन नहीं किया जाएगा। इसके बाद देर शाम ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
धरना स्थल पर ग्रामीण नेताओं अभिमन्यु राठिया, श्याम बरण गोपी राठिया, महेत्तर राठिया और महेंद्र राठिया ने कहा कि यह आंदोलन पूरे क्षेत्र की अस्मिता की लड़ाई है और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने अपने आश्वासन का पालन नहीं किया तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। तौलीपाली का यह आंदोलन जिले में खनन परियोजनाओं को लेकर बढ़ते असंतोष का संकेत माना जा रहा है
