छुरिया। धान के पैसे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में पिता–पुत्र पर जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों को चिचोला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पिनकापार निवासी टिकम साहू (42) ने पुलिस चौकी चिचोला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 फरवरी 2025 को उसके चाचा विवेकी दास, राजेश साहू और मिथलेश साहू उसके पिता गोवर्धन साहू के कमरे में घुसकर धान के हिस्से की राशि को लेकर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद तीनों ने एकराय होकर लकड़ी के डंडों से गोवर्धन साहू पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे टिकम साहू के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान हेमिन साहू भी मौके पर पहुंची और अश्लील गालियां दीं। हमले में गोवर्धन साहू के चेहरे और आंखों के पास गंभीर चोटें आईं।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी चिचोला में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों—विवेकी दास (48), मिथलेश साहू (26), राजेश साहू (35) और हेमिन साहू (45), सभी निवासी ग्राम पिनकापार—को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय राजनांदगांव में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।
