राजनांदगांव:कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन यादव ने बयान जारी कर भाजपा सरकार की आर्थिक और मानसिक दिवालियापन को प्रदर्शित करने वाली शराब नीति पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार को केवल शराब के व्यवसाय से राजस्व अर्जित करना है, उसे देश की परम्पराओं, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से कोई सरोकार नहीं रह गया है।विपिन यादव ने कहा कि देश की स्वतंत्रता उपरांत वर्ष 1950 से एक सुदृढ़ परम्परा स्थापित रही है, जिसके तहत महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पूरे देश में शराब दुकानें बंद रखी जाती रही हैं। यह केवल एक प्रशासनिक व्यवस्था नहीं,
बल्कि राष्ट्रपिता के आदर्शों, उनके त्याग, संयम और नैतिक मूल्यों के प्रति सामूहिक श्रद्धांजलि का प्रतीक रहा है। किंतु भाजपा सरकार ने इस गौरवशाली परम्परा को तोड़ते हुए गांधीजी की पुण्यतिथि पर शराब विक्रय की अनुमति देकर उनके आदर्शों तथा राष्ट्रपिता के सम्मान का घोर अपमान किया है। यह कदम देश की स्वतंत्रता के बाद से चली आ रही सांस्कृतिक मर्यादाओं और जनभावनाओं के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का पावन पर्व है, जो समाज को जोड़ने और सकारात्मक वातावरण निर्मित करने का संदेश देता है। ऐसे शुभ अवसर पर शराब दुकानें खोलने की नीति बनाकर शराब विक्रय करना विष्णु देव साय की भाजपा सरकार का समाज के हितों के विपरीत निर्णय है, जो सामाजिक वातावरण को बिगाड़ने वाला सिद्ध होगा। त्योहारों की पवित्रता को राजस्व की दृष्टि से देखना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि शराब बिक्री के कारण कोई भी अप्रिय या आपराधिक घटना घटित होती है तो उसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
विपिन यादव ने सरकार से प्रश्न किया कि वर्षों से चली आ रही परम्पराओं को तोड़ने की आवश्यकता आखिर क्यों पड़ी? क्या शराब से राजस्व अर्जित करना ही सरकार का मुख्य उद्देश्य रह गया है? क्या भाजपा सरकार के लिए देश की संस्कृति, महापुरुषों का सम्मान और सामाजिक मर्यादाओं का कोई मूल्य नहीं है? भाजपा की विष्णु देव साय सरकार एवं भाजपा पार्टी सार्वजनिक रूप से बयान जारी कर इन प्रश्नों का जवाब देते हुए स्पष्ट करें कि परम्पराओं को तोड़ने की आवश्यकता क्यों पड़ी और वह जनता को क्या संदेश देना चाहती है।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी और संवेदनहीन नीति का पुरज़ोर विरोध करती है तथा भाजपा सरकार से मांग करती है कि वह पुनः गंभीर चिंतन-मनन कर अपनी शराब नीति में तत्काल परिवर्तन करे। सरकार जनता की भावनाओं, देश की संस्कृति और परम्पराओं का आदर करते हुए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करे।उपरोक्त जानकारी जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व मिडिया प्रभारी अनीस खान द्वारा प्रेस विज्ञप्ति मे दी गई।
