बिलासपुर रेंज को मिला नया आईजी, रामगोपाल गर्ग ने संभाला कार्यभार

छत्तीसगढ़ राज्य स्तर पर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के तबादले के तहत बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पद की जिम्मेदारी रामगोपाल गर्ग आईपीएस को सौंपी गई है। शुक्रवार 23 जनवरी 2026 को रामगोपाल गर्ग ने औपचारिक रूप से पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज के पद पर कार्यभार ग्रहण किया।

रामगोपाल गर्ग 2007 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं और उनके पास प्रशासनिक एवं पुलिसिंग का लंबा अनुभव रहा है। इससे पूर्व वे रायगढ़, राजनांदगांव, सरगुजा, दुर्ग जैसे महत्वपूर्ण जिलों एवं रेंज मुख्यालयों में पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक के पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक सुदृढ़ता को लेकर कई प्रभावी कदम देखने को मिले हैं।

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर बिलासपुर रेंज में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह आईपीएस द्वारा रामगोपाल गर्ग का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों से सौजन्य भेंट की और रेंज की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रशासनिक चुनौतियों को लेकर संक्षिप्त चर्चा की।

नए आईजी के पदभार संभालने से बिलासपुर रेंज में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध पर सख्ती तथा आम नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Post