होली पर बिलासपुर पुलिस का सख्त पहरा, 128 गुंडा बदमाश जेल भेजे गए

होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए बिलासपुर पुलिस ने शहरभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जहां पर्याप्त पुलिस बल और अधिकारी तैनात हैं।

शहर में 78 पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए गए हैं, जिनमें प्रत्येक वाहन में एक अधिकारी सहित छह जवान मौजूद हैं। इसके अतिरिक्त 37 बाइक पेट्रोलिंग टीमें भी सक्रिय हैं, जिनमें दो-दो जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों ने स्वयं रात्रि 2 बजे तक सभी प्वाइंट का निरीक्षण किया। होलिका दहन के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और सभी स्थानों पर स्थिति सामान्य पाई गई।

व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

होली के मद्देनज़र असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत—

128 आदतन निगरानीशुदा/गुंडा बदमाशों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

36 आदतन अपराधियों पर धारा 129 बीएनएसएस के तहत सदा आचरण हेतु प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

337 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई।

19 संदिग्ध व्यक्तियों पर धारा 128 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।

22 आरोपियों को आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत गिरफ्तार किया गया।

64 प्रकरणों में आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब पर कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

Related Post