सीएसईबी कॉलोनी में बड़ी चोरी, रिटायर्ड एएसआई के सूने घर से 10 लाख के जेवर पार

कोरबा। शहर की सीएसईबी कॉलोनी में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है, जहां रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के घर चोरों ने धावा बोलते हुए करीब 10 लाख रुपये के कीमती जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी कॉलोनी निवासी रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक मिट्टी कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। घर की देखरेख के लिए ताले की चाबी पड़ोसी और कुछ रिश्तेदारों को दी गई थी। शनिवार को जब परिवार वापस लौटा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर के भीतर आलमारी खुली हुई थी।

घर की तलाशी लेने पर पता चला कि आलमारी में रखे गए सोने-चांदी के कीमती जेवरात गायब हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गलेटबिन कुमार हाल ही में 31 दिसंबर को पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे और उन्होंने अपनी बेटी की आगामी शादी के लिए ये जेवरात खरीदे थे।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाने की कोशिश की। इसके साथ ही कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस पड़ोसियों और जिन लोगों के पास चाबी थी, उनसे भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब पीड़ित स्वयं एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घर से बाहर जाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें, कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Post