लोहे के पुल चोरी मामले में कोरबा पुलिस की बड़ी कामयाबी, 5 आरोपी दबोचे गए

कोरबा में सार्वजनिक संपत्ति की चोरी के एक गंभीर मामले का कोरबा पुलिस ने सफल खुलासा किया है। रशियन हॉस्टल के पास नहर पर बने लोहे के पुल की रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों में से 5 को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल की लोहे की रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया था। इस संबंध में चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 53/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में साइबर सेल कोरबा और चौकी सीएसईबी पुलिस को शामिल किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों की सूचना और लगातार पतासाजी के आधार पर पुलिस ने कुल 15 आरोपियों की पहचान की, जिनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गैस कटर की मदद से लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टाटा एस (छोटा हाथी) वाहन, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन, ₹6,000 नगद और लगभग 5 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग बरामद की है।

गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों की तलाश तेज़ी से जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या चोरी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Post