ऑपरेशन चक्रव्यूह में बड़ी सफलता छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने एनडीपीएस प्रकरण में 5 साल से फरार आरोपी को दबोचा

ऑपरेशन चक्रव्यूह में बड़ी सफलता

छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने एनडीपीएस प्रकरण में 5 साल से फरार आरोपी को दबोचा

 

प्रतापगढ़।

जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत थाना छोटीसादड़ी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस प्रकरण में पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ एवं वृत्ताधिकारी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में तथा थानाधिकारी प्रवीण टांक (पु.नि.) के नेतृत्व में की गई।

दिनांक 16 मई 2020 को तत्कालीन थानाधिकारी द्वारा गोमाना पुलिया, नीमच रोड पर नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान नीमच की तरफ से एक ट्रेलर आया, जिसे देखकर चालक वाहन को साइड में खड़ा कर मौके से भाग गया।

संदेह के आधार पर ट्रेलर की तलाशी लेने पर तस्करों द्वारा नई स्कीम अपनाते हुए प्लेटफॉर्म के नीचे छिपाए हुए काले रंग के बोरों में भरे 20 कट्टे डोडाचूरा बरामद हुए। बरामद माल का कुल वजन 422 किलोग्राम पाया गया। ट्रेलर व मादक पदार्थ को जब्त कर थाना छोटीसादड़ी में प्रकरण संख्या 108/2020, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था

अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि जब्तशुदा डोडाचूरा की सप्लाई में अभियुक्त अशोक पिता मोहनलाल पंवार, उम्र 31 वर्ष, निवासी लोहावट, हाल मुकाम सुभाष नगर, थाना शास्त्री नगर, जोधपुर का हाथ था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी अपनी सकूनत छोड़कर फरार चल रहा था और लगातार गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।

थानाधिकारी प्रवीण टांक द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी व गोपनीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी का पता लगाकर उसे डिटेन कर गिरफ्तार किया।

आरोपी से जब्तशुदा अफीम डोडाचूरा के नेटवर्क तथा उसके अन्य सहयोगियों के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस प्रकरण में और भी खुलासों की संभावना जता रही है।

Related Post