जिले में सार्वजनिक संपत्ति की चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर लगाम लगाने के लिए कोरबा पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर और डेंगुरनाला पर बने लोहे के पुल को गैस कटर से काटकर चोरी करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 5 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इसी मामले में 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। अब तक कुल 10 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि कुछ अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना उरगा एवं चौकी सीएसईबी की टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित तरीके से गैस कटर का इस्तेमाल कर सार्वजनिक पुलों और रेलिंग को काटते थे और चोरी किया गया लोहा अवैध कबाड़ कारोबारियों को बेच देते थे।
घटना का पूरा घटनाक्रम
प्रार्थी द्वारा चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि 17 जनवरी 2026 की रात रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल की लोहे की रेलिंग अज्ञात चोरों द्वारा काटकर चोरी कर ली गई। इस पर अपराध क्रमांक 53/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
इसी तरह 19 जनवरी 2026 की रात डेंगुरनाला पर बने लोहे के ब्रिज को भी गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया गया, जिस पर अपराध क्रमांक 87/2026 दर्ज किया गया।
जांच के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कोरबा शहर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं, जबकि इस गिरोह में दो विधि से संघर्षरत बालक भी पाए गए हैं।
अवैध कबाड़ कारोबार पर सख्ती
इस पूरे प्रकरण ने अवैध कबाड़ कारोबार की जड़ें उजागर कर दी हैं। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कबाड़ कारोबारियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। थाना उरगा क्षेत्र में अवैध रूप से कबाड़ संचालन करने वाले मदन अग्रवाल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वहीं, कोरबा, कटघोरा और दर्री अनुभाग में अब तक पांच कबाड़ यार्ड को सील किया जा चुका है।
नगर निगम और तहसीलदार की संयुक्त टीम के साथ पुलिस द्वारा कबाड़ दुकानों के वैध दस्तावेज, खरीद-बिक्री रजिस्टर और स्टॉक का सत्यापन किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दुकानों को सील कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पत्रकार को धमकी का मामला भी उजागर
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कबाड़ संचालक सियाराम अग्रवाल ने कबाड़ कारोबार के खिलाफ खबर प्रकाशित करने पर एक पत्रकार को धमकाया था। इस मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने सियाराम अग्रवाल के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की है।
पुलिस का साफ संदेश
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति की चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
