कोंडागांव, 03 फरवरी 2026 | नगर में ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार रेनॉल्ट कार कंपनी द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा के पास नेशनल हाईवे-30 पर बीच सड़क में डेमो कार खड़ी कर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे-30 शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां दिनभर हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग पर बीच सड़क वाहन खड़ा कर डेमो करना यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जा रहा है। इस लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि हाईवे पर इस तरह वाहन खड़ा करने से ट्रैफिक बाधित हो रहा है और वाहन चालकों को अचानक रुकावट का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर डेमो देने की अनुमति किसने दी और संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
मामले को लेकर नागरिकों ने प्रशासन और यातायात विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके और हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
