सड़क सुरक्षा पर बालको का बड़ा अभियान, 5 हजार से अधिक लोग जुड़े

वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ थीम के तहत 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पूरे महीने चले इस अभियान में कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों और आसपास के समुदाय सहित 5,000 से अधिक लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।

यह अभियान बालको के प्रचालन क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में संचालित किया गया, जहां सड़क अनुशासन, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटना रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रमों के तहत क्विज प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, फायर सेफ्टी डेमो, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों के लिए ड्राइंग व स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिससे सड़क सुरक्षा का संदेश सरल और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचा।

नियमित वाहन चालकों के लिए बालको ने ‘रोड रश’ नामक गेमिफाइड लर्निंग मॉड्यूल शुरू किया, जिसका उद्देश्य सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार को प्रोत्साहित करना रहा। वहीं, स्थानीय स्कूलों में आयोजित जागरूकता सत्रों और आपातकालीन प्रतिक्रिया अभ्यासों के जरिए विद्यार्थियों को यातायात नियमों और दुर्घटना से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। सतत परिवहन और सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए कारपूलिंग चैलेंज भी आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान लॉजिस्टिक्स नेटवर्क से जुड़े भारी वाहन चालकों के लिए नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। इसके साथ ही आंतरिक सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए अचानक वाहन निरीक्षण किए गए, ताकि सड़क पर चलने वाले वाहनों की सुरक्षित स्थिति और नियमों के पालन की पुष्टि हो सके।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा बालको की ‘जीरो हार्म’ प्रतिबद्धता का अहम हिस्सा है। सुरक्षित यात्रा अनुशासन, जागरूकता और जवाबदेही का परिणाम होती है। हमारा उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि ऐसे व्यवहारिक बदलाव लाना है, जो कर्मचारियों, साझेदारों और समुदाय के जीवन की रक्षा करें।

बाल सदन स्कूल की छात्रा महक यादव ने कहा कि इन सत्रों से यह समझ में आया कि सड़क पर की गई छोटी-सी गलती भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। अब हम नियमों को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं।

सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने के लिए बालको ने अपने प्रचालन में अत्याधुनिक तकनीकों को भी अपनाया है। एआई-सक्षम टी-पल्स एचएसएसई मॉनिटरिंग सिस्टम, सेंट्रलाइज्ड सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर, कोल यार्ड में हॉट स्पॉट डिटेक्शन सिस्टम और संयंत्र परिसर में एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम जैसी पहलें सड़क और कार्यस्थल सुरक्षा को और मजबूत बना रही हैं।

बालको वर्षभर कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सुरक्षा अवसंरचना के माध्यम से लोगों को सुरक्षित व्यवहार के लिए प्रेरित करता रहता है। कंपनी की इस निरंतर प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली है, जिसमें ब्रिटिश सेफ्टी काउंसिल इंटरनेशनल सेफ्टी अवॉर्ड्स 2025 में मिला सम्मान शामिल है।

Related Post