नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। “नशे के कारोबारियों पर प्रहार” अभियान के तहत एसीसीयू एवं थाना सरकंडा की संयुक्त टीम ने गांजा बेचने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरकंडा क्षेत्र के पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर इलाके में दो महिलाएं मादक पदार्थ गांजा की बिक्री कर रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल रेड कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 6 किलो गांजा, ₹5,98,030 नगद, 2 मोबाइल, 2 घड़ियां, 2 स्कूटी और 1 कार बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹15,78,030 आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी महिलाओं की पहचान मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30 वर्ष) और सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में बहनें हैं और नाम बदलकर अलग-अलग क्षेत्रों में गांजा बेचने का काम कर रही थीं।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी गांजा बिक्री से प्राप्त रकम से स्कूटी खरीदकर उसी का उपयोग मादक पदार्थ के परिवहन और वितरण में करती थीं। साथ ही, दोनों के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थ से जुड़े मामले दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
