राजनांदगांव।थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव पुलिस ने फर्जी तरीके से सिम कार्ड जारी कर साइबर ठगों को उपलब्ध कराने वाले एक पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) ऑपरेटर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी द्वारा जारी किए गए 15 सिम कार्ड का उपयोग देश के विभिन्न राज्यों में 32 ऑनलाइन ठगी मामलों में किया गया था।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक नंद किशोर गौतम के नेतृत्व में टीम ने जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
विवेचना के दौरान मोबाइल नंबर 8770041517 (सिम क्रमांक 8991932410178116337) के माध्यम से सिम जारी करने वाले पीओएस संचालक संतोष कुमार देवांगन (30 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 39, दुर्गा टॉकीज के पीछे, राजनांदगांव की भूमिका सामने आई। वह महावीर चौक स्थित एक संचार केंद्र में पीओएस के रूप में कार्यरत था।
जांच में पता चला कि आरोपी द्वारा जारी किए गए 15 सिम कार्ड का उपयोग आंध्रप्रदेश, बिहार, केरल, मध्यप्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, कर्नाटक, महाराष्ट्र एवं तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी के लिए किया गया। इन सिमों से जुड़े कुल 32 ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज हैं।
प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट तथा दूरसंचार अधिनियम 2023 की धारा 42(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को रिमांड पर लेकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में आरक्षक प्रयंश, अविरल एवं श्रीनिवास की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अनजान लिंक, कॉल या संदेश के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
