होली से पहले कोरबा पुलिस का बड़ा एक्शन, 97 वारंटी गिरफ्तार

कोरबा में होली पर्व के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष सघन अभियान चलाया। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में एक साथ कार्रवाई करते हुए 67 गिरफ्तारी वारंटी एवं 30 स्थायी वारंटी सहित कुल 97 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए थे।

अभियान के अंतर्गत लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ दबिश दी गई। विभिन्न प्रकरणों में कुल 97 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। ये आरोपी पूर्व में न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई, ताकि आमजन सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें और किसी प्रकार की अवांछित घटना न हो।

कोरबा पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व शांतिपूर्ण एवं कानून के दायरे में रहकर मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों और फरार वारंटियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Post