कोरबा पुलिस का बड़ा एक्शन, 2 दिन में 98 वारंटी गिरफ्तार

जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 98 वारंटियों/आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पाटले एवं नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिलेभर में सघन दबिश अभियान चलाया गया। इस दौरान लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को चिन्हित कर योजनाबद्ध तरीके से गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई का विवरण

10 अप्रैल 2026 को 4 स्थायी वारंटी एवं 29 गिरफ्तारी वारंटी तामील किए गए, वहीं 11 अप्रैल 2026 को 17 स्थायी वारंटी और 48 गिरफ्तारी वारंटी तामील किए गए। इस तरह दो दिनों में कुल 21 स्थायी वारंटी और 77 गिरफ्तारी वारंटी सहित 98 आरोपियों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पूर्व में न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद फरार चल रहे थे। पुलिस ने इन पर लगातार नजर रखते हुए सटीक योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।

सभी आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।

Related Post