केशकाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: राजस्थान का अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, 112 किलो गांजा व कार जब्त

केशकाल/कोंडागांव, 6 मार्च 2026 | जिले के केशकाल पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 112.076 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 11 लाख 20 हजार 760 रुपये बताई जा रही है, जब्त किया है। साथ ही तस्करी में उपयोग की जा रही काले रंग की वोक्सवैगन कार (क्रमांक MH02 BR 0045) भी जप्त की गई है।

Uploaded Image

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गांजा व शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

 

इसी अभियान के तहत 5 मार्च 2026 को केशकाल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक काले रंग की वोक्सवैगन कार में अवैध गांजा छिपाकर उड़ीसा से रायपुर की ओर जगदलपुर–केशकाल मार्ग से ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर केशकाल थाना के सामने एमसीपी लगाकर वाहन की जांच शुरू की गई।

Uploaded Image

कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से कांकेर की ओर लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल सरकारी वाहन से पीछा किया। घाटी क्षेत्र में भी वाहन नहीं रुकने पर दादरगढ़ पुलिस सहायता केंद्र को सूचना देकर वहां बैरिकेडिंग कर वाहन रोकने का प्रयास किया गया।

 

इस दौरान कार चालक ने बैरिकेडिंग को टक्कर मार दी और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। पुलिस को देख चालक कार से कूदकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

 

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शैतान सिंह गौर (28 वर्ष), पिता महावीर सिंह गौर, निवासी मुरलिया, तहसील बैगुन, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) बताया।

Uploaded Image

वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से भूरे रंग के सेलो टेप से पैक 27 पैकेट गांजा बरामद हुए, जिनका कुल वजन 112.076 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा और कार को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

 

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास बघेल, उप निरीक्षक सुरेश मरकाम, प्रधान आरक्षक प्रशांत जुर्री, आरक्षक मानिक मरापी, गिरधारी नेताम, कमलेश कंवर, अमित मंडावी तथा गोपनीय सैनिक आत्मानंद कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post