ग्राम पुर्रामटोला में 13 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण रविन्द्र वैष्णव ने कहा – ग्रामीण विकास हमारी प्राथमिकता

 

छुरिया। क्षेत्र के ग्रामीण विकास को नई गति देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत पुर्रामटोला में लगभग 13 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव द्वारा विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला भाजपा के पूर्व महामंत्री रविन्द्र वैष्णव, प्राधिकृत अधिकारी नकुल नेताम, भाजपा मंडल छुरिया के मीडिया प्रभारी शिशुपाल साहू, सरपंच प्रतिनिधि कुंदन बडोले (शिकारी माहका) तथा ग्राम पंचायत पुर्रामटोला की सरपंच श्रीमती सुख बाई सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Uploaded Image

इस अवसर पर ग्राम पंचायत पुर्रामटोला में तीन महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई। इनमें लगभग 3.60 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, 2.60 लाख रुपये की लागत से यात्री प्रतीक्षालय निर्माण तथा लगभग 7.00 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण कार्य शामिल हैं। इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की आधारभूत संरचना को भी मजबूती मिलेगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुलिया और यात्री प्रतीक्षालय जैसे निर्माण कार्य न केवल लोगों की दैनिक जरूरतों को पूरा करते हैं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका प्रयास है कि क्षेत्र के हर गांव में विकास कार्य तेजी से हो और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गांवों में विकास की नई धारा बह रही है और आने वाले समय में भी क्षेत्र में अनेक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को शहरों जैसी सुविधाएं गांव में ही मिल सकें।

इस अवसर पर ग्राम के वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिकों में कुंजन लाल चंद्रवंशी (पूर्व सरपंच), रामभरोसा पडौती, पुरन यादव, चुरामन यादव, तुलसी पौडती, बरस सिंह, तुलसीराम, राम बिलास बांधे, श्रीमती विमला सिन्हा, श्रीमती राजोबाई पटेल, लताबसु जी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ग्रामवासियों ने क्षेत्र में हो रहे इन विकास कार्यों के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष किरण रविन्द्र वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन निर्माण कार्यों से ग्राम के विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों को दैनिक जीवन में काफी सुविधा प्राप्त होगी।

Related Post