कोंडागांव, 14 मार्च 2026 | शहर के कांग्रेस भवन मार्ग स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को हटाकर आधुनिक और व्यवस्थित व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए शुक्रवार 13 मार्च को भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। लंबे समय से इस मांग को लेकर प्रयास कर रहे व्यापारियों में इस पहल से खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी उपस्थित रहे। अतिथियों ने भूमि पूजन कर व्यापारियों को बधाई देते हुए कहा कि नया परिसर बनने से क्षेत्र का व्यवस्थित विकास होगा।
बताया गया कि कांग्रेस भवन मार्ग संकरा होने के कारण यहां अक्सर जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनती थी। दुकानों के अव्यवस्थित संचालन से कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती थी। अब मार्ग चौड़ीकरण और व्यवस्थित 13 व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनने से यातायात सुगम होगा और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इसके साथ ही मार्ग पर लगने वाली सब्जी दुकानों को भी हटाकर उन्हें प्रस्तावित मंगल बाजार परिसर में नए परिवेश के साथ शामिल किया जाएगा। वहीं आजाक थाना के सामने स्थित पुलिस कॉलोनी के सामने के मैदान को व्यवस्थित कर मंगल बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां प्रत्येक मंगलवार को नियमित बाजार संचालित होगी।
नए परिसर के निर्माण के बाद इस क्षेत्र को मंगल बाजार परिसर विकासनगर के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में ठेकेदार संघ के जिला अध्यक्ष मनीष देवांगन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
