बस्तर अंचल सोमवार 09 फरवरी को एक ऐतिहासिक और भव्य सांस्कृतिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। राज्य शासन द्वारा आयोजित बस्तर पंडुम 2026 का समापन समारोह पूरे गरिमा और उल्लास के साथ जगदलपुर में संपन्न होगा। “प्रकृति और परंपरा का उत्सव” थीम पर आधारित यह आयोजन बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्रकृति से जुड़े जीवन दर्शन को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम बना है।
समापन समारोह का आयोजन 09 फरवरी को प्रातः 11 बजे से किया जाएगा, जिसमें देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन बस्तर के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में जनजातीय संस्कृति का उत्सव मनाया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि भी समारोह में शामिल होंगे।
बस्तर पंडुम 2026 के अंतर्गत विभिन्न जनजातीय नृत्य, लोकगीत, पारंपरिक वेशभूषा, शिल्पकला और खान-पान को मंच प्रदान किया गया है। समापन समारोह के दौरान बस्तर की सांस्कृतिक विविधता और आदिवासी समुदायों की परंपरागत जीवनशैली का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
राज्य शासन का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना, स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय मंच देना और पर्यटन को बढ़ावा देना है। बस्तर पंडुम का समापन समारोह न केवल सांस्कृतिक उत्सव होगा, बल्कि बस्तर के सामाजिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक भी बनेगा।
