वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने परिसर में अत्याधुनिक सेफ्टी पार्क का उद्घाटन किया। यह पहल कंपनी की ‘सेफ्टी फर्स्ट’ सोच को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। पार्क में लगाए गए इंटरैक्टिव मॉडल, प्रैक्टिकल मॉड्यूल और विजुअल डिस्प्ले के माध्यम से कर्मचारियों को सुरक्षित कार्यप्रणालियों की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से दी जा रही है।
राष्ट्रीय सुरक्षा माह के तहत आयोजित इस अभियान की थीम “लोगों को शामिल करें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं” रही, जिसके अंतर्गत 5,000 से अधिक कर्मचारियों, बिजनेस पार्टनर्स, छात्रों और स्थानीय समुदाय के लोगों को जोड़ा गया। इस अभियान की खास बात यह रही कि इसका नेतृत्व महिला कर्मचारियों ने किया, जो कंपनी में बढ़ती महिला भागीदारी को दर्शाता है।
सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए ड्राइंग, स्लोगन प्रतियोगिता, सेफ्टी क्विज और ‘कौन बनेगा सेफ्टी चैंपियन’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं ‘सांप-सीढ़ी’ और ‘हैजर्ड हंट’ जैसे रोचक खेलों के जरिए सुरक्षा संदेश को आसान और प्रभावी तरीके से समझाया गया।
अभियान के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और टीमों को ‘बेस्ट सेफ्टी परफॉर्मर’ और ‘फैमिली कनेक्ट विद सेफ्टी चैंपियन’ जैसे सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा ‘वॉयस ऑफ सेफ्टी’ और ‘रियल लाइफ हीरो स्टोरीज’ जैसे मंचों पर कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे हर स्तर पर लागू करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल कार्यस्थल बल्कि पूरे समुदाय में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
कंपनी द्वारा फायर सेफ्टी वर्कशॉप, रोड सेफ्टी प्रोग्राम और रेट्रो-रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड लगाने जैसे प्रयास भी किए जा रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
उल्लेखनीय है कि सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए बालको को वर्ष 2026 में ब्रिटिश सेफ्टी काउंसिल का इंटरनेशनल सेफ्टी अवार्ड और ग्रो केयर इंडिया द्वारा प्लेटिनम अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि कंपनी की मजबूत सुरक्षा संस्कृति और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
