भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की खेल अकादमी में आज उस समय उत्साह और ऊर्जा का माहौल बन गया, जब भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी, पूर्व राष्ट्रीय कप्तान, अर्जुन पुरस्कार एवं पद्मश्री से सम्मानित बाइचुंग भूटिया ने अकादमी का दौरा किया। उनके आगमन से 100 से अधिक युवा खिलाड़ियों में नया जोश और आत्मविश्वास देखने को मिला।
इस अवसर पर बाइचुंग भूटिया ने फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों से संवाद किया और उन्हें अनुशासन, निरंतर अभ्यास, तकनीकी दक्षता और मानसिक मजबूती के महत्व को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा कि एक सशक्त रोल मॉडल, व्यवस्थित प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन ही किसी खिलाड़ी को उच्च प्रदर्शन तक पहुंचाता है।
बालको द्वारा वर्ष 2024 में शुरू की गई यह खेल अकादमी फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और तैराकी जैसे खेलों में युवाओं को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से स्थापित की गई है। यह अकादमी कोरबा नगर निगम, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग और बालको के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत संचालित की जा रही है। यहां विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, एनआईएस-प्रमाणित कोच, स्पोर्ट्स साइंस सपोर्ट, फिजियोथेरेपी, मेडिकल केयर तथा संतुलित पोषण कार्यक्रम की सुविधा उपलब्ध है। वर्तमान में कोरबा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर के लगभग 100 खिलाड़ी यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जो राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
बाइचुंग भूटिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सपनों की कोई सीमा नहीं होती और छोटे शहरों से आने वाले खिलाड़ी भी कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासन के बल पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग करें और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा से आगे बढ़ें।
इस कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, जिला खेल अधिकारी दीनू पटेल, अपर आयुक्त विनय मिश्रा सहित बालको के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बताते हुए ऐसे आयोजनों को भविष्य के लिए प्रेरणादायी बताया।
अकादमी की युवा फुटबॉल प्रशिक्षु सुगंधित लकड़ा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी से प्रत्यक्ष संवाद करना उनके लिए अविस्मरणीय क्षण रहा और इससे उन्हें और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा मिली है।
बालको के सीईओ एवं डायरेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि कंपनी खेलों को समग्र विकास का अहम आधार मानती है और खेल अकादमी जैसे मंचों के माध्यम से युवाओं के सपनों को साकार करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बाइचुंग भूटिया जैसे प्रेरक व्यक्तित्वों का मार्गदर्शन खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और प्रदर्शन को नई दिशा देता है।
उल्लेखनीय है कि बालको खेल अकादमी के साथ-साथ सामुदायिक स्तर पर भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में खेल सामग्री वितरण और प्रशिक्षण सहयोग जैसे प्रयास कर रही है, ताकि जमीनी स्तर से ही प्रतिभाओं को आगे लाया जा सके।
