4 फरवरी विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-सी के डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट “अवेयरनेस ऑफ पीडियाट्रिक कैंसर” के अंतर्गत “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत वर्ल्ड कैंसर डे 2026 की थीम “यूनाइटेड बाय यूनिक” को केंद्र में रखते हुए एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर लायंस क्लब एवरेस्ट (क्लब नंबर 096456) के तत्वावधान में बुधवार, 4 फरवरी 2026 को पतंजलि आरोग्य केंद्र, जैजैपुर में आयोजित हुआ, जिसमें स्त्री, पुरुष एवं बच्चों में होने वाले विभिन्न प्रकार के कैंसर के प्रति जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
कैंसर जागरूकता पर विशेषज्ञ व्याख्यान
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित एवं क्षेत्र के सुप्रसिद्ध आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ, लायंस क्लब एवरेस्ट के सचिव लायन नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने कैंसर के लक्षण, कारण, बचाव एवं जीवनशैली से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सकारात्मक सोच और मानसिक संबल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने धूम्रपान, मद्यपान, तंबाकू, गुटखा, गुड़ाखू तथा फास्ट-फूड के अत्यधिक सेवन को कैंसर का बड़ा कारण बताया और लोगों से इन आदतों से दूर रहने की अपील की।
“सकारात्मकता से हारेगा कैंसर”
डॉ. शर्मा ने कहा कि कैंसर केवल शारीरिक नहीं बल्कि मानसिक लड़ाई भी है। रोगी में निराशा और नकारात्मकता बढ़ने से समस्या और गंभीर हो सकती है। ऐसे में समाज और परिवार का सहयोग, सकारात्मक वातावरण और आत्मविश्वास कैंसर से लड़ने की शक्ति देता है। इसी संदेश के साथ उपस्थित लोगों को नशा-मुक्त जीवन अपनाने और दूसरों को भी प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
आयुर्वेदिक परामर्श एवं निःशुल्क उपचार
शिविर के दौरान आयुर्वेद और योग आधारित निःशुल्क परामर्श दिया गया। साथ ही शिविरार्थियों को सभी प्रकार के कैंसर के लिए उपयोगी बताए गए “एंटी कैंसर क्वाथ” का निःशुल्क वितरण भी किया गया। डॉ. शर्मा ने अपने वक्तव्य में आयुर्वेदिक जीवनशैली, जड़ी-बूटियों और पारंपरिक उपचार पद्धतियों के महत्व पर भी चर्चा की, जिसे उपस्थित लोगों ने गंभीरता से सुना।
सहयोगियों का सराहनीय योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में पतंजलि आरोग्य केंद्र जैजैपुर के संचालक सुरेंद्र यादव, नेत्रनंदन साहू, अश्विनी बुनकर, लक्की यादव एवं सरिता यादव का विशेष योगदान रहा। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने शिविर में भाग लेकर जागरूकता कार्यक्रम का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जानकारी देना ही नहीं, बल्कि समाज में कैंसर के प्रति भय को कम कर जागरूकता, सकारात्मकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा, ताकि कैंसर जैसी बीमारी के खिलाफ सामूहिक रूप से मजबूत लड़ाई लड़ी जा सके।
