जांजगीर-चांपा,। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत 12 जून विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर विकासखंड बम्हनीडीह के ग्राम पोंड़ीकला में आज बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बाल श्रम के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए समुदाय को प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में बाल श्रम को एक सामाजिक बुराई बताते हुए इसकी रोकथाम एवं बच्चों के शिक्षा, स्वास्थय तथा समग्र विकास के अधिकारों के संरक्षण की जानकारी दी गई। इस दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, लाड़ली लक्ष्मी योजना, किशोरी बालिका सशक्तिकरण कार्यक्रम एवं पोषण अभियान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में बताया गया कि बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2016 के तहत 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को रोजगार में लगाना प्रतिबंधित है तथा 14 से 18 वर्ष के किशोरों को खतरनाक कार्यों में नियोजित करना अपराध है। बाल श्रम की किसी भी घटना की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने की अपील की गई। साथ ही लिंग समानता, बालिकाओं की शिक्षा एवं सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के दौरान किशोरी बालिकाओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया तथा अंत में उपस्थित जनों को बाल श्रम रोकथाम एवं निषेध की शपथ दिलाई गई।
