आसियान-भारत पर्यटन वर्ष 2025, वियतनाम एक्सपो में भारत की शानदार प्रस्तुति

भारत सरकार द्वारा वर्ष 2025 को आसियान-भारत पर्यटन वर्ष घोषित किए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पर्यटन छवि को नई पहचान मिल रही है। इसी कड़ी में भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने वियतनाम में आयोजित प्रतिष्ठित इंटरनेशनल टूरिज़्म एक्सपो (ITE) 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

 

आईआरसीटीसी ने यहां एक विशेष आसियान-भारत पैवेलियन स्थापित किया, जिसमें भारत की सांस्कृतिक धरोहर, आध्यात्मिक व वेलनेस पैकेज, साहसिक पर्यटन, प्राकृतिक सौंदर्य और लक्ज़री ट्रेनो का प्रदर्शन किया गया। महाराजा एक्सप्रेस, गोल्डन चैरीअट और बौद्ध सर्किट ट्रेन इस प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षण रहे।

Uploaded Image

इस पैवेलियन का उद्घाटन हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के महावाणिज्यदूत श्री विप्र पांडेय ने किया। वहीं, भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व आईआरसीटीसी के निदेशक राहुल हिमालयन ने किया।

 

भारत और आसियान देशों के बीच पर्यटन सहयोग को बढ़ाने के उद्देश्य से आईआरसीटीसी ने विदेश मंत्रालय के सहयोग से पाटा ट्रैवल मार्ट 2025 (बैंकॉक) और थाईलैंड में रोड शो का भी आयोजन किया। इन आयोजनों ने दोनों क्षेत्रों के पर्यटन कारोबारियों और नीति-निर्माताओं को नए साझेदारी अवसर उपलब्ध कराए।

 

आईटीई वियतनाम में आईआरसीटीसी को पूरे भारतीय प्रतिनिधिमंडल की लॉजिस्टिक जिम्मेदारी भी सौंपी गई। साथ ही, आसियान-भारत पर्यटन रोड शो के माध्यम से स्थानीय टूर ऑपरेटरों और एजेंटों से सीधा संवाद स्थापित कर कारोबारी संबंधों को मजबूत किया गया।

 

प्रधानमंत्री द्वारा घोषित आसियान-भारत पर्यटन वर्ष ने भारत और आसियान देशों के बीच मित्रता, सांस्कृतिक जुड़ाव और सतत विकास को एक नई दिशा दी है। यह पहल न केवल भारत को एक वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित कर रही है, बल्कि क्षेत्रीय सहयोग और साझा प्रगति के रास्ते भी खोल रही है।

Related Post