कोरबा के कुदरीपारा वार्ड में संचालित राशन सोसाइटी के संचालक के खिलाफ नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा। लगातार लापरवाही, दुर्व्यवहार और राशन वितरण में अनियमितता के आरोपों को लेकर वार्डवासियों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
बताया गया कि कुदरीपारा वार्ड की 2 नंबर बस्ती में संचालित राशन दुकान के संचालक द्वारा हितग्राहियों से अभद्र व्यवहार किया जा रहा था और कई पात्र लोगों को समय पर राशन नहीं दिया जा रहा था। इसके साथ ही वार्डवासियों ने सोसाइटी को कुदरीपारा क्षेत्र में ही नियमित रूप से संचालित करने की मांग भी उठाई।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद मधुसूदन दास ने किया। उनके साथ ब्लॉक अध्यक्ष संजय आजाद और पार्षद संदीप डहरिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। प्रदर्शन के चलते लगभग दो से तीन घंटे तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार, खाद्य अधिकारी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने तथा संचालक को सख्त समझाइश देने के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त किया।
वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में राशन वितरण में गड़बड़ी या दुर्व्यवहार की शिकायत दोबारा सामने आती है, तो वे पुनः उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रशासन ने भी मामले की निगरानी और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
