कोंडागांव, 30 जनवरी 2026 | कोंडागांव विकासखंड के ग्राम पंचायत बम्हनी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पुजारीपारा में कक्षा के भीतर ईसाई धर्म से जुड़ा धार्मिक प्रतीक चिन्ह लगाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय में पदस्थ महिला शिक्षिका प्रतिभा आमुश द्वारा कक्षा में ईसा मसीह का क्रॉस चिन्ह लगाया गया है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में किसी भी राष्ट्रीय महापुरुष की तस्वीर नहीं लगाई गई है, जबकि एक विशेष धर्म से संबंधित प्रतीक चिन्ह कक्षा में लगाया गया है, जिससे बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया है।

बताया जा रहा है कि उक्त धार्मिक प्रतीक चिन्ह का वीडियो गांव के युवक रुस्तम ठाकुर द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिसके बाद मामला और तूल पकड़ गया। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल जैसे शिक्षा के पवित्र स्थान पर किसी भी प्रकार का धार्मिक प्रचार-प्रसार नहीं किया जाना चाहिए।
मामले को लेकर ग्राम बम्हनी की सरपंच श्रीमती कविता पोयाम, उपसरपंच संतोष कश्यप एवं विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करन उईके के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों एवं हिंदू संगठनों ने कोंडागांव खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान को ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित शिक्षिका के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई एवं पद से बर्खास्त करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बजरंग दल नगर संयोजक विनय दास मानिकपुरी, विहिप उपाध्यक्ष नितेश जैन, सहमंत्री शानू जैन, सहसंयोजक पीयूष देवांगन, बजरंग दल जिला संयोजक दया सागर, आर. पाण्डेय सहित ग्राम बम्हनी के पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
