कोंडागांव, 29 जनवरी 2026 | छत्तीसगढ़ में धर्म परिवर्तन को लेकर चल रहे विवादों के बीच अब कोंडागांव विकासखंड से एक नया मामला सामने आया है। विकासखंड के ग्राम पंचायत बम्हनी में स्थित प्राथमिक शाला पुजारीपारा के कक्षा कक्ष के भीतर यीशु मसीह की मूर्ति टंगी होने का आरोप सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है।
इस संबंध में ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल परिसर में किसी भी राष्ट्रीय महापुरुष या महान विभूतियों की तस्वीर नहीं लगाई गई, जबकि एक विशेष धर्म से जुड़ा प्रतीक लगाया जाना बच्चों के मन पर गलत प्रभाव डाल सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कदम धर्म परिवर्तन की मानसिकता को बढ़ावा देने जैसा है, जिसे वे स्वीकार नहीं करेंगे।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल में पदस्थ एक शिक्षिका का ईसाई धर्म से जुड़ाव है, और इसी कारण स्कूल में इस तरह का धार्मिक प्रतीक लगाया गया। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले को लेकर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीण स्कूल परिसर में एकत्र होकर विरोध दर्ज कराते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि
स्कूलों को पूरी तरह धर्मनिरपेक्ष रखा जाए,
सभी धर्मों से जुड़े प्रतीकों को शैक्षणिक परिसरों से हटाया जाए,
और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है और जांच के बाद ही कोई निष्कर्ष निकाला जाएगा। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
