रूपनगर (ध्रुव नारंग) समाज सेवा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल के तहत इंसानियत पहले द्वारा निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन अभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में आज 20 जरूरतमंद मरीजों के सफल नेत्र ऑपरेशन कराए गए। इस सेवा कार्य के माध्यम से अब तक कुल 290 मरीजों के ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य सरदार इकबाल सिंह लालपुरा अपनी पत्नी हरदीप कौर लालपुरा (संरक्षक, Humanity First) के साथ अस्पताल पहुंचे और वहां मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सरदार इकबाल सिंह लालपुरा ने कहा कि यह सेवा कार्य उनके पुत्र अजयवीर सिंह लालपुरा का सपना है, जिसे साकार करने के लिए पूरा परिवार समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना ही सच्ची मानवता है और लालपुरा परिवार व इंसानियत पहले की टीम इसी सोच के साथ लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “सेवा संकल्प” से प्रेरित होकर लालपुरा परिवार समाज सेवा के इस अभियान को और विस्तारित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका उद्देश्य है कि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क इलाज और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रहे।
अस्पताल में मौजूद वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि इन सभी ऑपरेशनों का पूरा खर्च, जिसमें मुफ्त दवाइयां और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं शामिल हैं, लालपुरा परिवार द्वारा वहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।
इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने Humanity First और लालपुरा परिवार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा रोपड़ शहर के अध्यक्ष जगदीश चंदर काजला, टोनी शर्मा, चांद राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
यह सेवा अभियान न केवल जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई रोशनी ला रहा है, बल्कि समाज में सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को भी मजबूत कर रहा है।
