कोंडागांव, 1 मार्च 2026 | राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बड़े बेंद्री में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence – AI) विषय पर जन-जागरूकता के उद्देश्य से भव्य ए.आई. मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य संजय ठाकुर के संरक्षण में तथा व्याख्याता अंकित गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मानव श्रृंखला के माध्यम से विद्यार्थियों व समाज को AI के भविष्य, उसकी उपयोगिता तथा मानव जीवन में सहायक भूमिका के बारे में प्रभावी संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि AI शिक्षा, विज्ञान, स्वास्थ्य, कृषि एवं तकनीकी क्षेत्रों में मानव जीवन को सरल और उन्नत बना रहा है।
इसी अवसर पर विद्यालय में AI विषय पर संगोष्ठी (सेमिनार) का भी आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों को AI की मूल अवधारणाओं, वर्तमान उपयोगों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साह, अनुशासन और वैज्ञानिक जिज्ञासा के साथ कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
विद्यालय विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करता आ रहा है। राज्य व राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की सहभागिता और उपलब्धियों से विद्यालय ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
इस आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकगण शिव तिवारी, अलीबख्श शेख, नरेंद्र लोनहरे, सरिता मांझी, दिलीप कश्यप, राजकुमार तिग्गा, तनुजा देवांगन, निर्मल सिन्हा, धनपत नेताम, कमलेश साहू, कल्पना पैकरा, रूपाली शुक्ला, मदन सोनेवारा, किरण पोया, दृगपाल दास मणिकपुरी, जागृति ध्रुव सहित समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
