दयालबंद में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दयालबंद इलाके में धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी जब्त किया है।

मिली जानकारी के अनुसार 2 फरवरी 2026 को मुखबिर से पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि दयालबंद गुरूनानक स्कूल के पास एक व्यक्ति आम रोड पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही मामले से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया। अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी।

पुलिस ने मौके से आरोपी संजय सोनकर पिता कल्लू सोनकर, उम्र 45 वर्ष, निवासी दयालबंद दुर्गा मंदिर के पास, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।

पुलिस जांच में आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

Related Post