कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर नाबालिगों को पिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

होली उत्सव के दौरान नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने के गंभीर मामले में सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास भी जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सोनू दरवेश (34 वर्ष) निवासी इंदिरा आवास, वार्ड नंबर 4, भाटापारा सुकली, जांजगीर ने होली के मौके पर नाबालिग बच्चों को जबरन शराब पिलाई थी। घटना के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

बताया जा रहा है कि 3 मार्च 2026 को जिला अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सुकली में होली उत्सव के दौरान कुछ नाबालिग बच्चों को शराब पिलाई गई है, जिसके कारण उनकी हालत खराब हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और बच्चों तथा उनके परिजनों से पूछताछ की।

पूछताछ में सामने आया कि 3 मार्च की रात करीब 7:30 बजे आरोपी सोनू दरवेश अपने घर के सामने साउंड बॉक्स लगाकर डांस कर रहा था। इसी दौरान गांव के तीन नाबालिग बच्चे भी वहां डांस करने पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान सोनू दरवेश ने अपने घर से कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब मिलाकर तीनों बच्चों को दबावपूर्वक पिला दी। शराब के नशे के कारण बच्चों को उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।

मामले की शिकायत और जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया। घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी कोतवाली योगिता बालिका खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल ग्राम सुकली रवाना हुई।

पुलिस ने आरोपी सोनू दरवेश को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास बरामद कर जब्त कर लिया है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस पूरी कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा और आरक्षक दिलीप सिंह की विशेष भूमिका रही।

Related Post