कोंडागांव, 29 जनवरी 2026 | जिला कोंडागांव के थाना केशकाल क्षेत्र में दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता के साथ लंबे समय तक शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक शोषण करने और गर्भवती करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि थाना केशकाल क्षेत्र अंतर्गत निवासरत एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पुत्री का गांव के ही एक युवक के साथ विगत लगभग एक वर्ष से प्रेम संबंध था। आरोपी द्वारा शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए गए। पीड़िता के विरोध के बावजूद आरोपी नहीं माना, जिससे पीड़िता गर्भवती हो गई और जिला मेडिकल कॉलेज कांकेर में उसने पुत्री को जन्म दिया।
मामले की जानकारी अस्पताल द्वारा सिटी कोतवाली कांकेर को दी गई, जिस पर कांकेर पुलिस ने बिना नंबर अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम कार्रवाई हेतु प्रकरण थाना केशकाल को प्रेषित किया। इसके आधार पर थाना केशकाल में अपराध क्रमांक 18/26, धारा 64(1), 64(ड) भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो अधिनियम की धारा 04, 06 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) केशकाल अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी केशकाल के नेतृत्व में महिला अधिकारी सउनि अनीता मेश्राम द्वारा विवेचना की जा रही है।
जांच के दौरान गठित टीम ने आरोपी को उसके निवास स्थान से पकड़कर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके पश्चात आरोपी को गिरफ्तार कर आज दिनांक 28 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक विकास बघेल, सउनि अनीता मेश्राम, प्र.आर. अरुण नेताम, महिला आरक्षक उर्मिला, आरक्षक कमलेश कंवर, नीलेश ध्रुव, रुपेश मरकाम, लोकेश्वर एवं फलेश्वर सिन्हा का विशेष योगदान रहा।
