कोंडागांव, 06 मार्च 2026। जिले के ईरागांव थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। घटना 5 मार्च 2026 की दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता अपनी मां के साथ घर में मौजूद थी। इसी दौरान गांव बिन्झे के पांच युवक रंग-गुलाल लगाने के बहाने घर पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने पीड़िता की मां को शराब लाने के बहाने गांव की बस्ती की ओर भेज दिया और घर में अकेली पाकर पीड़िता को जबरन कमरे में ले जाकर दो युवकों और दो विधि से संघर्षरत बालकों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
बताया गया कि जब पीड़िता की मां वापस घर लौटी तो दरवाजे के पास खड़ा एक बालक उसे आते देख चिल्लाते हुए भाग गया। मां जब कमरे के पास पहुंची तो अंदर मौजूद आरोपी दरवाजा खोलकर भागने लगे। इस दौरान पीड़िता की मां ने दो आरोपियों को पकड़कर डंडे से मारपीट कर उन्हें भगा दिया। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ थाना ईरागांव पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केशकाल अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी ईरागांव निरीक्षक कोमल राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के गांव में घेराबंदी कर कमलेश मंडावी और मनोज मंडावी सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ईरागांव निरीक्षक कोमल राठौर, थाना प्रभारी धनोरा भुनेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक विनोद चंदेल, अनिता मेश्राम, विष्णु नरेटी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
