कोंडागांव, 09 फरवरी 2026 | कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत इसलनार में ग्रामीणों की स्पष्ट असहमति के बावजूद बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई को लेकर भारी विरोध सामने आया है। आम आदमी पार्टी ने इस कार्रवाई को ग्राम सभा के अधिकारों का सीधा उल्लंघन बताते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग 1200 पेड़ों की कटाई का आदेश दिया गया है, जिनमें से अब तक करीब 600 पेड़ काटे जा चुके हैं, जबकि शेष पेड़ों को काटने की तैयारी चल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कार्य डीएफओ, रेंजर, डिप्टी रेंजर, बिट गार्ड तथा सत्ता पक्ष के दबाव में किया जा रहा है। ग्रामीणों को यह कहकर डराया-धमकाया जा रहा है कि “ऊपर से आदेश आया है।”
ग्रामीणों में इस कार्रवाई को लेकर भारी आक्रोश है, क्योंकि ग्राम सभा की अनुमति और सहमति के बिना इस प्रकार की कटाई की जा रही है, जो कि ग्राम सभा के संवैधानिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है।
आम आदमी पार्टी कोंडागांव विधानसभा अध्यक्ष मानसिंग नेताम ने कहा कि जब सरकार ग्राम सभा की आवाज नहीं सुनेगी, तो ग्राम सभा का महत्व ही समाप्त हो जाएगा। यह ग्रामीणों के अधिकारों का हनन है और सरकार की मनमानी को दर्शाता है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि ग्राम पंचायत इसलनार में चल रही पेड़ों की कटाई को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और ग्राम सभा के निर्णय का सम्मान किया जाए।
मानसिंग नेताम ने चेतावनी दी कि यदि इस कार्रवाई पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई और ग्रामीणों की मांगों की अनदेखी की गई, तो आम आदमी पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा जन आंदोलन करेगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
