कोंडागांव, 24 जनवरी 2026 | गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के तहत शनिवार सुबह 9:00 बजे विकास नगर स्टेडियम मैदान में जिला स्तरीय समारोह का पूर्व अभ्यास पूरे उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर ने ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्र भी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने परेड का निरीक्षण किया, जिसके पश्चात राष्ट्रगान की धुन पर हर्ष फायर किया गया। कुल 11 प्लाटूनों द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट किया गया, जिसमें आईटीबीपी, जिला पुलिस बल, बस्तर फाइटर, महिला-पुरुष जवानों सहित एनसीसी एवं एनएसएस के युवाओं ने भाग लिया।

मार्च पास्ट के उपरांत परेड निष्क्रमण की अनुमति दी गई। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के 200 से अधिक विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक व्यायाम का अभ्यास प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्वामी आत्मानंद स्कूल जामकोटपारा, आदेश्वर पब्लिक स्कूल, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नवोदय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी छात्रावास बोरगांव एवं माकड़ी ब्लॉक के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।

सेजेस जामकोटपारा के विद्यार्थियों ने ऑपरेशन सिंदूर की जीवंत प्रस्तुति दी, वहीं नवोदय विद्यालय की छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए वूमेन्स वर्ल्ड कप जीत का उत्सव मनाया।

देशभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक विविधता से परिपूर्ण इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह में अपार उत्साह भर दिया और जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की भव्यता का सशक्त संदेश दिया।
