भीषण टक्कर ने ली चालक की जान, चांपा मार्ग पर पसरा मातम

कोरबा चांपा मुख्य मार्ग पर मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। ग्राम पंचायत पताढ़ी के समीप प्याज से लदी डाला बॉडी और एक ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में डाला बॉडी चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोरबा की ओर से आ रही ट्रेलर (क्रमांक CG04 PG 4336) कथित रूप से रॉन्ग साइड में चल रही थी। इसी दौरान चांपा की ओर से आ रही प्याज से लदी डाला बॉडी (क्रमांक CG07 CR 8677) से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डाला बॉडी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद राहत दल ने गैस कटर की मदद से केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। दूसरी ओर, ट्रेलर चालक को गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

इस दुर्घटना के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और वाहनों की आवाजाही को पुनः सुचारू कराया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Post