कार्तिक पूर्णिमा पर गौरेश्वर महादेव की भव्य सवारी निकली, श्रद्धा और आस्था से सराबोर रहा अरनोद नगर

कार्तिक पूर्णिमा पर गौरेश्वर महादेव की भव्य सवारी निकली, श्रद्धा और आस्था से सराबोर रहा अरनोद नगर


कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर अरनोद नगर में गौरेश्वर महादेव की भव्य सवारी निकाली गई। पूरा नगर श्रद्धा, भक्ति और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। धूप-दीप और फूल-मालाओं से सजे गौरेश्वर महादेव का अलौकिक श्रृंगार सभी के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

सवारी का शुभारंभ मंदिर परिसर से हुआ, जिसमें सबसे आगे ध्वजवाहक, बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा रवाना हुई। सुसज्जित रथ में विराजमान गौरेश्वर महादेव की झांकी अत्यंत मनमोहक प्रतीत हो रही थी। झांकी के पीछे बड़ी संख्या में महिलाएँ, पुरुष और युवा भक्तजन श्रद्धा भाव से नाचते-गाते चल रहे थे। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर सवारी का भव्य स्वागत किया।

सवारी नगर के प्रमुख मार्गों — मुख्य बाजार, बस स्टैंड रोड, मंदिर मार्ग और अन्य गलियों से होती हुई पुनः गौरेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। वहाँ पारंपरिक रीति से बोली लगाकर महा आरती की गई। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण किया गया।

इस अवसर पर मंदिर का आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा पूरे परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से सुसज्जित किया गया। दीपों की रौशनी में गौरेश्वर धाम का दृश्य दिव्यता का अनुभव करवा रहा था। सवारी में नगर सहित आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और इस पावन पर्व का आनंद उठाया।

कार्तिक पूर्णिमा के इस पर्व ने एक बार फिर यह साबित किया कि आस्था और परंपरा आज भी समाज को जोड़ने का सबसे बड़ा माध्यम हैं।

Related Post