बालको में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 56 महिला कर्मचारी सम्मानित, आईजी मिलना कुर्रे रहीं मुख्य अतिथि

बालकोनगर, 11 मार्च 2026। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य टाउनहॉल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ की उप महानिरीक्षक पुलिस (आईजी) श्रीमती मिलना कुर्रे उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान कंपनी की 56 महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वर्ष 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी श्रीमती मिलना कुर्रे ने बालको की महिला कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दे रही हैं। उन्होंने बालको में महिलाओं के लिए बनाए गए समावेशी कार्यस्थल की भी प्रशंसा की।

 

अनस्टॉपेबल’ पत्रिका के दूसरे संस्करण का विमोचन

 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “अनस्टॉपेबल” पत्रिका के दूसरे संस्करण का लोकार्पण रहा। इस पत्रिका में बालको परिवार की 12 प्रेरणादायी महिलाओं की सफलता की कहानियों को शामिल किया गया है। इसमें बताया गया है कि किस प्रकार इन महिलाओं ने पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की और लगातार आगे बढ़ती रहीं।

 

महिलाओं की भूमिका से आगे बढ़ रहा उद्योग

 

इस अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि आज महिलाएं विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज और उद्योग दोनों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी ने ऐसा वातावरण तैयार किया है, जहां सभी कर्मचारियों को समान अवसर मिलते हैं।

 

उन्होंने कहा कि बालको के संयंत्र संचालन में महिलाएं अग्रणी भूमिका निभाते हुए नवाचार को बढ़ावा दे रही हैं। उनकी प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता के कारण कंपनी विश्वस्तरीय एल्यूमिनियम उत्पादन के साथ-साथ आसपास के समुदाय के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी 1 एमटीपीए क्षमता के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

महिलाओं की क्षमता पर गर्व

मुख्य अतिथि आईजी मिलना कुर्रे ने कहा कि समय के साथ महिलाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि कोई भी कार्य उनकी क्षमता से बाहर नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज सेना, पुलिस, न्यायपालिका और प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी समाज या संस्थान की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब वहां महिलाओं का सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित किया जाए।

 

जागरूकता और स्वास्थ्य पर भी विशेष कार्यक्रम

 

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यस्थल में जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसमें मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें भावनात्मक स्वास्थ्य और खुलकर संवाद की आवश्यकता पर चर्चा की गई।

इसके अलावा बालको मेडिकल सेंटर के सहयोग से स्तन कैंसर जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रारंभिक जांच, रोकथाम, नियमित स्क्रीनिंग और चेतावनी संकेतों की पहचान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी संध्या

 

कार्यक्रम के अंत में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कर्मचारियों और प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ के लोकनृत्य, गीत और नारी शक्ति को समर्पित प्रस्तुतियां दी गईं। इसके साथ ही पोस्टर-मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों, उनके परिवारों और समुदाय के सदस्यों ने रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। ‘गीव टू गेन’ थीम पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।

 

महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं

बालको द्वारा महिला कर्मचारियों के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कंपनी में क्रेच सुविधा, छह महीने का वैतनिक मातृत्व अवकाश, तथा बच्चे के छह वर्ष की आयु तक 80 मिनट का नर्सिंग ब्रेक जैसी सुविधाएं दी जाती हैं। इसके अलावा वन डे वर्क फ्रॉम होम पॉलिसी भी लागू है, जिसके तहत महिला कर्मचारी सप्ताह में एक दिन घर से कार्य कर सकती हैं।

 

कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2030 तक महिला कर्मचारियों की भागीदारी 30 प्रतिशत तक बढ़ाने का है, जिससे एक अधिक समावेशी और सशक्त कार्यस्थल का निर्माण किया जा सके।

Related Post