होली पर्व के मद्देनज़र अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सरकण्डा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी शराब जब्त की है।
मामला थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर का है, जहां अप.क्र. 285/2025 धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ईमलीभाठा बंधवापारा क्षेत्र में होली पर्व के दौरान बिक्री के उद्देश्य से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित कर रेड कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान एक आरोपी को मौके से पकड़ा गया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर गढ़ेवाल (21 वर्ष), निवासी छोटी कोनी, बिलासपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से बोरी में भरे 141 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत लगभग 11,280 रुपये आंकी गई है, बरामद की गई। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त ई-रिक्शा भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान अवैध शराब बिक्री एवं नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
