शिक्षक दिवस पर अकलतरा में 100 शिक्षकों का सम्मान

Anp News Live Janjgir Champa शिक्षक दिवस के अवसर पर वेल विशर फाउंडेशन एवं भगत सिंह पब्लिक स्कूल द्वारा संचालित ब्रैनी बियर प्री स्कूल एंड एक्टिविटी क्लब, अकलतरा के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सरकारी, गैर सरकारी और सेवानिवृत्त सहित कुल 100 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि जांजगीर-चांपा जिले के कलेक्टर जन्मेजय महोबे रहे। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधान पाठक ईश्वर सिंह बैस ने की। वहीं सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग, बिलासपुर संभाग आर.पी. आदित्य विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि शिक्षक होना अपने आप में गर्व की बात है। शिक्षक राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और बच्चों की आंखों में पल रहे सपनों को साकार करने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को दिशा देना शिक्षक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कहा कि वेल विशर फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह शिक्षकों को अपने दायित्वों के प्रति और अधिक सजग एवं प्रेरित करेगा। शिक्षक समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके प्रयासों से ही अच्छे संस्कारों वाले समाज का निर्माण होता है। इस दौरान उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को साइबर अपराध से बचाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।

विशिष्ट अतिथि आर.पी. आदित्य ने शिक्षकों को समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

वेल विशर फाउंडेशन के अध्यक्ष आविनाश सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले 100 सरकारी, गैर सरकारी एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया जा रहा है।

भगत सिंह पब्लिक स्कूल द्वारा संचालित ब्रैनी बियर प्री स्कूल एंड एक्टिविटी क्लब के संचालक श्रीपाल सिंह बैस ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माण और उनमें संस्कार विकसित करने के लिए इसी तरह निरंतर प्रयास करते रहें।

कार्यक्रम को सेवानिवृत्त प्रधान पाठक ईश्वर सिंह बैस और संस्था के सदस्य दीपक साहू ने भी संबोधित किया। समारोह का संचालन वेल विशर फाउंडेशन के सचिव चिराग शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संस्था की कोषाध्यक्ष रंजना सिंह ने किया।

इस अवसर पर वेल विशर फाउंडेशन के अध्यक्ष आविनाश सिंह, सचिव चिराग शर्मा, कोषाध्यक्ष रंजना सिंह, सदस्य श्रीपाल सिंह बैस, दीपक साहू, प्रशांत कोटनगले और प्रेम नीलमकर सहित ब्रैनी बियर प्री स्कूल एंड एक्टिविटी क्लब के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ, वरिष्ठ नागरिक तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Related Post